पाली : देसूरी नाल के पंजाब मोड़ में बस पलटी, 1 की मौत, 28 घायल

पाली/देसूरी। देसूरी नाल में शुक्रवार देर रात एक बस पलटने से उसमें सवार एक यात्री की मौत हो गई तथा 28 घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को देसूरी सीएचसी में भेज इलाज शुरू करवाया गया। गंभीर रूप से घायल 16 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद देसूरी से राजसमंद रेफर किया गया।

सूत्रों के मुताबिक यह बस टोंक जिले के देवली तहसील के ग्राम पनवाड़ से 40 यात्रियों को लेकर रामदेवरा दर्शन के लिए जा रही थी। राजसमंद जिले के चारभुजा थानांतर्गत पंजाब मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर चट्टान से टकराकर पलट गई। घटना के समय अधिकर लोग नींद में थे। बस पलटते ही चीख पुकार मच गई और आस पास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा बचाव कार्य को गति दी। राजसमंद व पाली जिले की सरहद की सभी 108 एम्बुलेंस घटनास्थल पर मंगवाई गई। एम्बुलेंस के जरिए घायलों को नजदीकी अस्पताल देसूरी सीएससी में भेज प्राथमिक ईलाज शुरू करवाया गया। बाद में कुछ गम्भीर घायलों को राजसमंद रेफर किया गया है।

हादसे में ये यात्री हुए घायल

इस हादसे में सोजीराम पुत्र जगननाथ माली की मौत हो गई जबकि रामस्वरूप पुत्र हजारी माली निवासी पनवाड़ा तहसील देवली जिला टोंक, सुपिया कंवर पत्नी संग्राम सिंह निवासी पनवाड़ा, प्रेमा पत्नी मनमोहन ब्राह्मण, खुवाल पुत्र नाथूराम माली निवासी पनवाड़, बद्रीलाल पुत्र रामाराम माली, रामगोपाल पुत्र अर्जुन माली निवासी पनवाड़ा, दुर्गालाल पुत्र रामदेव माली, दुर्गाशंकर पुत्र अर्जुनलाल माली, माया पुत्री पारस माली, जय सिंह पुत्र गोकुलराम मीणा, दुर्गालाल पुत्र हीरालाल माली, पुष्पा पत्नी रामदेव माली, संतोष पत्नी रामप्रसाद माली, नंदाराम पुत्र मूलाराम माली, लादूराम पुत्र गोपालराम माली, कजोड़ी पत्नी शंकरलाल माली निवासी वनथली थाना धूणी जिला टोंक, गोपाल सिंह पुत्र अर्जुन सिंह राजावत, रामलाल पुत्र भंवरलाल माली, संग्राम सिंह राजपूत, ब्रजमोहन पुत्र सूरजमल शर्मा, शैतान सिंह पुत्र हरीनाथ सिंह मीणा निवासी दाता ढाणी थाना देवली जिला टोंक, विमला पत्नी मंगलाराम, लालचंद पुत्र रामाजी, नर्बदा पत्नी रामेश्वरलाल, हेमराज पुत्र मंगलाराम, सोमाराम, आंसूजी राव सहित तीस जने घायल हो गए।

इनकी चिंताजनक स्थिति

घायलों में से साठ वर्षीय बद्रीलाल, विमल, हेमराज, सुपीया कंवर, दुर्गाराम व आंसूजी को प्राथमिक उपचार के बाद राजसमंद रैफर कर दिया। इनकी हालत गंभीर है।